
बगरू/महेश कुमावत/ रितिक सिरोहिया। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेगस की कृष्णा कॉलोनी के बीच स्थित एक मकान में केमिकल के गोदाम में आग लग गई। यहां स्याही बनाने में काम आने वाले केमिकल के करीब तीन से पांच हजार ड्रम रखे थे। करीब पांच घंटे तक ड्रम जलते रहे। आग का गोला बने लोहे के ड्रम करीब 25 फीट ऊंचाई तक उछलकर फटते रहे। करीब दो घंटे तक ड्रमों के फटने से धमाके होते रहे। इससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। केमिकल का यह गोदाम आबादी में था। आग फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कॉलोनी के आसपास करीब 300 घरों को खाली करवाकर लोगों को दूर शिफ्ट किया। 15 दमकल ने करीब पांच घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। कॉलोनी में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई। गोदाम में शाम करीब शाम पांच आग लगी। सूचना पर बगरू पुलिस व 15 दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन केमिकल ज्यादा होने व तेज हवा के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल होता देख प्रशासन की सांसें फूल गई।

धमाकों के साथ फटते ड्रम देखकर लोग सहम गए। गोदाम सागरमल सिंघानिया के मकान में चल रहा था। सरपंच देवनारायण वर्मा व स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्हें आग लगने के बाद पता चला कि यहां केमिकल का गोदाम बना हुआ था। हालांकि बगरू एसएचओ विक्रम सिंह का कहना है कि गोदाम अवैध है या वैध, इसकी जांच के बाद ही पता लग पाएगा। हालांकि पुलिस को इस गोदाम का पता नहीं था। आग की लपटें करीब पांच – सात किलोमीटर दूर तक नजर आने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। कॉलोनी में बसे करीब तीन सौ घरों को खाली कराया गया। लोग आग की दहशत के चलते की सामान साथ ले जाते नजर आए। घरों से वाहनों को निकालने की जल्दबाजी में गांव में डर फैल गया।

पुलिस ने बच्चों को गाड़ियों में बैठाकर दूर सुरक्षित जगह पर छोड़ा। फैक्ट्री में जो केमिकल रखा हुआ था, उससे स्याही बनाई जाती थी। यहां हर सप्ताह केमिकल से भरी गाड़ी आती थी और केमिकल आगे भेजा जाता था। इसका किसी को पता नहीं था। आसपास के इलाके को कराया खाली केमिकल गोदाम में आग लगने से एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के इलाके के पूरा खाली करवा लिया है। जिससे इलाके में किसी प्रकार की अनहोनी ना हो। वहीं मिली जानकारी के अनुसार हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।